आगर मालवा। जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी का कार्य पूर्ण हो चुका है। लेकिन किसान अब भी भुगतान और बिल की समस्या से जूझ रहे हैं। किसान खरीदी केंद्रों के लगातार चक्कर लगाने को मजबूर हैं, जिससे उनमें नाराजगी बढ़ती जा रही है। ऐसा ही मामला कानड़ क्षेत्र से सामने आया है।जहां एक किसान परिवार पिछले एक माह से भुगतान का इंतजार कर रहा है।
जानकारी के अनुसार महिला किसान चतरबाई ने अपनी गेहूं की उपज समर्थन मूल्य पर खरीदी केंद्र श्री कृष्णा स्वयं सहायता समूह, मानकपुर पर निर्धारित तिथि में तुलवाई थी। तुलाई के बाद से उनके पुत्र मुकेश सिंह लगातार केंद्र पर जाकर बिल और भुगतान की जानकारी लेने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन अब तक न तो बिल तैयार किया गया और न ही राशि खाते में पहुंची है।
पीड़ित किसान परिवार का आरोप है कि खरीदी केंद्र पर मौजूद कर्मचारी संतोषजनक जवाब नहीं देते। वहीं अब मोबाइल फोन उठाना भी बंद कर दिया गया है। ऐसे में परिवार आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना कर रहा है। किसान का कहना है कि फसल बेचने के बाद भी यदि भुगतान के लिए बार-बार चक्कर लगाना पड़े तो यह व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
इधर मामले को लेकर जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी आर.एल. मालवीय से चर्चा की गई तो उन्होंने कहा कि जिले में किसी किसान का भुगतान लंबित होने की जानकारी उनके पास नहीं है। हालांकि उन्होंने मामले को दिखवाने की बात कही है।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद संबंधित गेहूं खरीदी केंद्र श्री कृष्णा स्वयं सहायता समूह, मानकपुर की कार्यप्रणाली संदेह के घेरे में आ गई है। किसान का कहना है कि जब उपज की तुलाई हो चुकी है तो संस्था द्वारा समय पर बिल बनाकर भुगतान क्यों नहीं किया जा रहा है।
मामले में खरीदी केंद्र के कर्मचारी से मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
