पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 102 किलो डोडाचूरा जब्त

 

बड़ौद । पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 102.250 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में एक स्विफ्ट कार, एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन सहित करीब 11.60 लाख रुपये मूल्य का मशरूका बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रविवार सुबह पुलिस की टीम गरोठ हाईवे स्थित लक्ष्मी ढाबा क्षेत्र में वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बिना नंबर प्लेट की सिल्वर रंग की स्विफ्ट कार और एक मोटरसाइकिल संदिग्ध अवस्था में आती दिखाई दी। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन लेकर भाग निकले।

पुलिस टीम ने तत्काल पीछा कर ग्राम गुराड़िया स्थित गौशाला के पीछे खेतों और कच्चे रास्तों तक पहुंचने पर आरोपित वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। मौके पर नाले में फंसी स्विफ्ट कार और खेत की मेड़ पर खड़ी हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद हुई।

तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल पर बंधे दो बोरों तथा कार में रखे तीन बोरों से कुल 102.250 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ दोनों वाहन और अन्य सामग्री जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।

जांच के दौरान घटनास्थल से मिले मोबाइल फोन के तकनीकी विश्लेषण से महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके आधार पर पुलिस ने राजेन्द्रसिंह पिता दिलीपसिंह सौंधिया (34) निवासी ग्राम रामाखेड़ी थाना बड़ौद, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। बाद में उसे गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की गई। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

सराहनीय भूमिका इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रूप सिंह बैस, उप निरीक्षक विजय शुक्ला, सउनि रामप्रकाश पुष्पद सहित थाना बड़ौद पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम के उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live