कानड़। सावन सोमवार के अवसर पर नगर में भगवान बाबा भूतेश्वर महादेव और कनकेश्वर महादेव की शाही सवारी धूमधाम और धार्मिक उल्लास के साथ निकाली जाएगी। शाही सवारी को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। शाम के समय निकलने वाली सवारी में बड़ी संख्या में नगरवासी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से श्रद्धालु शामिल होंगे।
शाही सवारी में डीजे, आधुनिक बैंड और बाहरी कलाकारों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। भगवान की सवारी के मार्ग को लेकर नगर में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। विभिन्न स्थानों पर स्वागत मंच बनाए जाएंगे, जहां श्रद्धालुओं और सवारी का पुष्पवर्षा एवं अन्य तरीकों से भव्य स्वागत किया जाएगा।
शाही सवारी को देखने के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोगों के कानड़ पहुंचने की उम्मीद है। धार्मिक आयोजन को लेकर नगर में उत्सव जैसा माहौल रहेगा। श्रद्धालु भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद लेंगे और शाही सवारी में शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त करेंगे।
