महर्षि दयानंद सरस्वती के खिलाफ अभद्र टिप्पणी का मामला, सुसनेर पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

 

सुसनेर। आर्य समाज एवं महर्षि दयानंद सरस्वती के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित रूप से अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने के मामले में सुसनेर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले को लेकर आर्य वीर दल एवं आर्य समाज से जुड़े पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत प्रस्तुत की थी और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

शिकायत के अनुसार ग्राम कादमी निवासी ईश्वर दास द्वारा व्हाट्सएप सहित सोशल मीडिया पर आर्य समाज के अनुयायियों, संस्थाओं तथा महर्षि दयानंद सरस्वती के प्रति कथित रूप से अभद्र, अश्लील एवं अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया गया। इस संबंध में आर्य वीर दल के प्रांतीय संचालक भेरू सिंह आर्य सहित अन्य पदाधिकारियों ने पुलिस को व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट सहित अन्य साक्ष्य उपलब्ध कराए और कार्रवाई की मांग की गई थी।

शिकायतकर्ताओं का कहना था कि सोशल मीडिया पर धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों तथा महापुरुषों के प्रति इस तरह की आपत्तिजनक टिप्पणियों से सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने के साथ ही समाज में वैमनस्य की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका रहती है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर दोषी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई थी।

पुलिस ने शिकायत एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर धारा 353(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एफआईआर दर्ज होने के बाद आर्य समाज एवं आर्य वीर दल से जुड़े पदाधिकारियों ने पुलिस कार्रवाई का स्वागत किया और मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की।

संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रति किसी भी प्रकार की अशोभनीय या आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं तो संगठन लोकतांत्रिक एवं वैधानिक तरीके से अपनी आवाज उठाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live