दूल्याखेड़ी के प्रगतिशील किसान बने मिसाल, पपीता की उन्नत खेती से बालू सिंह कमा रहे 6 लाख का मुनाफा

 

आगर-मालवा/ जिले के ग्राम दूल्याखेड़ी के प्रगतिशील किसान श्री बालू सिंह पिता श्री नारायण सिंह ने उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन में परम्परागत खेती से हटकर उन्नत उद्यानिकी फसल अपनाकर सफलता की नई कहानी लिखी है।

बालू सिंह ने एक एकड़ भूमि में ताइवान रेड लेडी 786 किस्म के पपीते की खेती प्रारंभ की है। उनके खेत में कुल 625 पौधे लगे हैं, जिस पर लगभग एक लाख 30 हजार रुपये की लागत आई है। प्रत्येक पौधे से 70 से 80 किलोग्राम गुणवत्तायुक्त पपीते का उत्पादन हो रहा है।

 

वर्तमान में बाजार में पपीते की बंपर मांग होने से अच्छी गुणवत्ता के पपीते का भाव 25 से 30 रुपये प्रति किलोग्राम मिल रहा है। इससे सभी खर्च निकालकर श्री बालू सिंह को एक एकड़ से लगभग 6 लाख रुपये तक की शुद्ध आमदनी प्राप्त हो रही है।

 

किसान  बालू सिंह ने उद्यानिकी विभाग के तकनीकी मार्गदर्शन में ड्रिप सिंचाई एवं मल्चिंग जैसी आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाया है, जिससे उत्पादन एवं गुणवत्ता में वृद्धि हुई है। उनकी यह सफलता जिले के अन्य किसानों के लिए प्रेरणास्रोत बनी है तथा जिले में उद्यानिकी फसलों को बढ़ावा देने की दिशा में एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live