मां बिजासन मंदिर परिसर में सजा गरबा पांडाल, बड़ी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालु
कानड़। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर नगर में गरबा उत्सव की धूम मची हुई है। मां दुर्गा की आराधना और भक्ति के साथ नगर की बालिकाएं एवं युवतियां गरबा नृत्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं। पारंपरिक वेशभूषा में गरबा करती बालिकाएं और युवतियां आकर्षक प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं का मन मोह रही हैं।
नवरात्रि के दूसरे दिन मां बिजासन मंदिर परिसर में स्थित सरस्वती विद्या मंदिर के प्रांगण में गरबा उत्सव का आयोजन किया गया। इसके लिए गरबा पांडाल को आकर्षक विद्युत रोशनी और सजावट से सुसज्जित किया गया है। यहां माता रानी की आराधना गरबा नृत्य के माध्यम से की जा रही है। शाम होते ही पांडाल में गरबा खेलने वालों और इसे देखने आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी।
गरबा महोत्सव का आयोजन मां बिजासन महिला मंडल ग्रुप द्वारा नगर परिषद के सहयोग से किया जा रहा है। उत्सव के दौरान भक्तिमय माहौल बना हुआ है। वहीं, मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कानड़ थाना प्रभारी राजकुमार दांगी पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे।
