तनोड़िया गौशाला में हुआ आयोजन
आगर-मालवा। गोवर्धन पूजा का पर्व भारतीय संस्कृति में प्रकृति, पर्यावरण और पशुधन के संरक्षण का संदेश देता है। इसी उद्देश्य से सोमवार को तनोड़िया स्थित गौशाला में जिला स्तरीय गोवर्धन पूजा कार्यक्रम धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने विधि-विधान से गौ-पूजन एवं गोवर्धन पूजन कर किया। इस दौरान गायों को गुड़, चारा और हरा चारा खिलाकर गौ-सेवा की गई। उपस्थित लोगों ने गौ-संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि गौ-सेवा भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग है। गौशालाओं के सुदृढ़ीकरण और गोवंश के संरक्षण के लिए शासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। गोवर्धन पूजा का पर्व हमें प्रकृति, पर्यावरण और पशुधन के महत्व को समझने तथा उनके संरक्षण के लिए प्रेरित करता है।
कार्यक्रम में गोपाल कृष्ण पुरस्कार योजना के तहत चयनित विजेता गोपालकों को पुरस्कार राशि के चेक वितरित किए गए। अतिथियों ने विजेताओं को बधाई देते हुए गौ-पालन एवं पशुधन विकास में उनके योगदान की सराहना की। उपसंचालक पशुपालन डॉ. महेश जारोलिया ने आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए योजना के तहत गोपालकों को दी जाने वाली पुरस्कार राशि की जानकारी दी।
तनोड़िया गौशाला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भोपाल के रवीन्द्र भवन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों ने प्रसारण के माध्यम से राज्य स्तरीय कार्यक्रम को देखा और सुना।
कार्यक्रम में भैरू सिंह चौहान, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि जितेंद्र सिंह चौहान,कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयत, जिला पंचायत सीईओ बीएस सोलंकी सहित गौशाला समिति के पदाधिकारी, पशुपालन विभाग के अधिकारी, स्थानीय सरपंच, पंचगण और बड़ी संख्या में गौ-भक्त मौजूद रहे।
