जिला अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण — गंदगी, अव्यवस्था और पुरानी लापरवाही पर अफसर सख्त, सिविल सर्जन को जमकर फटकार
आगर मालवा। जिला अस्पताल में लगातार उजागर हो रही लापरवाहियों और बिगड़ती व्यवस्था को देखते हुए जिला पंचायत सीईओ नंदा भलावे कुशरे और एसडीएम मिलिंद ढोके ने शनिवार को अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। परिसर में फैली गंदगी, वार्डों में अव्यवस्था और कमजोर प्रबंधन देखकर दोनों अधिकारी स्पष्ट रूप से नाराज़ नजर आए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने PICU, लेबर वार्ड, लेबर रूम, ऑपरेशन थियेटर, जनरल वार्ड और ओपीडी का बारीकी से निरीक्षण किया। कई जगह साफ-सफाई की बदतर स्थिति, उपयोगी उपकरणों का अव्यवस्थित रख-रखाव, बेड मैनेजमेंट की कमी और स्टाफ की लापरवाही उजागर हुई।

सीईओ और एसडीएम ने मौके पर ही सिविल सर्जन को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि अस्पताल की व्यवस्था सुधारने के लिए पहले भी स्पष्ट निर्देश दिए गए थे, लेकिन हालात में कोई सुधार नजर नहीं आता। एसडीएम मिलिंद ढोके ने याद दिलाया कि वे पहले भी अस्पताल प्रशासन को चेतावनी दे चुके हैं।
सबसे गंभीर मुद्दों में से एक यह भी है कि अस्पताल में लगातार लापरवाही उजागर होती आई है। इससे पहले भी ETP प्लांट, HTP प्लांट, बायो मेडिकल वेस्ट प्रबंधन सहित कई महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं में बड़ी कमियां सामने आ चुकी हैं। इन संवेदनशील व्यवस्थाओं में भी सुधार नहीं होने पर अधिकारियों ने गहरी चिंता जताई।
सीईओ नंदा भलावे कुशरे और एसडीएम ढोके ने सिविल सर्जन को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने, स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने, बायो मेडिकल वेस्ट निस्तारण को सही तरीके से संचालित करने और अस्पताल के सभी वार्डों में सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि अगली निरीक्षण में यदि फिर लापरवाही मिली तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अकस्मिक निरीक्षण के बाद मरीजों और परिजनों में यह उम्मीद जगी है कि प्रशासन की सख़्ती के बाद अब अस्पताल में व्यवस्थाएं सुधरेंगी और स्वास्थ्य सेवाओं में आवश्यक सुधार देखने को मिलेगा।
वरिष्ठ अधिकारयों को दी जाएगी रिपोर्ट । मिलिंद ढ़ोके एसडीएम आगर
“हमारे द्वारा पूर्व में भी जिला अस्पताल का निरीक्षण किया गया था। उस समय भी साफ-सफाई, प्रबंधन और तकनीकी व्यवस्थाओं में गंभीर कमियां पाई गई थीं, जिन पर सिविल सर्जन व अस्पताल प्रबंधन को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद कोई ठोस सुधार नहीं किया गया। आज पुनः निरीक्षण में वही लापरवाहियां सामने आईं। इस पूरे प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को प्रेषित की जाएगी।”
