हुनर को मिला बाजार, पांच दिन में 80 हजार का कारोबार मिट्टी और गोबर से बनाई पर्यावरण हितैषी गणेश प्रतिमाएं

 

आगर-मालवा। आजीविका मिशन से जुड़ी स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने मिट्टी और गोबर से पर्यावरण हितैषी गणेश प्रतिमाएं तैयार कर पांच दिनों में करीब 80 हजार रुपये का कारोबार किया। शहरवासियों ने महिलाओं के उत्पादों को खूब पसंद किया। उत्साहित महिलाओं ने मंगलवार को जिला पंचायत पहुंचकर मुख्य कार्यपालन अधिकारी बीएस सोलंकी का सम्मान कर आभार जताया।

आवर ग्राम की भग्गू बाई, राधा बाई और रम्भा बाई सहित समूह की महिलाओं ने बताया कि आजीविका मिशन के माध्यम से उन्हें नए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं। दो स्व-सहायता समूहों ने शहर में प्रतिमाओं के बिक्री स्टॉल लगाए थे।

समूह की महिलाओं द्वारा तैयार मिट्टी की गणेश प्रतिमा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भी भेंट की गई। जिला कलेक्टर और सांसद ने भी प्रतिमाएं खरीदीं और महिलाओं का उत्साहवर्धन किया था।

जिला परियोजना प्रबंधक ने बताया कि महिलाओं को आरसेटी एवं माटी कला बोर्ड के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया है। पिछले वर्ष शुरू हुई इस पहल का इस बार विस्तार करते हुए मिट्टी और गोबर दोनों से प्रतिमाएं तैयार की गईं। महिलाओं का यह प्रयास आत्मनिर्भरता के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी सार्थक पहल है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live