आगर-मालवा। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कानड़ का निरीक्षण किया। इस दौरान पदस्थ चिकित्सक डॉ. एनएस परमार अनुपस्थित मिले। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को संबंधित चिकित्सक के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य केंद्र में तत्काल दूसरे चिकित्सक की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ओपीडी कक्ष, दवा वितरण व्यवस्था, प्रतिदिन आने वाले मरीजों की संख्या और प्रसूति वार्ड का जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं और मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी भी ली।
इस दौरान उपचार के लिए आईं मरीज हीरामणि बाई से चर्चा कर कलेक्टर ने पूछा कि स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक नियमित रूप से उपलब्ध रहते हैं या नहीं। साथ ही निःशुल्क दवाइयों और उपचार संबंधी सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। मरीजों को समय पर उचित उपचार और निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने प्रसूति सेवाओं सहित अन्य सभी स्वास्थ्य सुविधाओं का सुचारू संचालन करने के निर्देश भी दिए, ताकि क्षेत्र के मरीजों को उपचार के लिए परेशान न होना पड़े।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक दिलीप सोनी, जिला पंचायत सीईओ बीएस सोलंकी, डिप्टी कलेक्टर अर्पिता राय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
