आगर-मालवा। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला पंचायत कार्यालय परिसर में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष मुन्नाबाई चौहान ने विधिवत ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके बाद उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया।
समारोह में आगर विधायक मधु गेहलोत, विधायक प्रतिनिधि भेरू सिंह चौहान, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बीएस सोलंकी सहित जिला पंचायत के जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
ध्वजारोहण के दौरान जिला पंचायत परिसर देशभक्ति के रंग में नजर आया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों तथा देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को नमन किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वतंत्रता हमें अधिकारों के साथ राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का भी स्मरण कराती है। देश की एकता, अखंडता और विकास को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए।
समारोह के अंत में जनप्रतिनिधियों एवं जिला पंचायत के अधिकारी-कर्मचारियों ने राष्ट्रहित और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। पूरे कार्यक्रम के दौरान परिसर में देशभक्ति एवं उत्साह का माहौल बना रहा।