17 सितंबर को जिलेभर में जलेंगे ‘आशीर्वाद के दीये’,  उत्सव के रूप में मनाया जाएगा संकल्प से सेवा अभियान

 

आगर-मालवा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी संभागायुक्त एवं कलेक्टरों के साथ बैठक कर 17 सितंबर से प्रारंभ होने वाले ‘संकल्प से सेवा अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अभियान के शुभारंभ अवसर पर विभिन्न गतिविधियों को उत्साहपूर्वक उत्सव के रूप में आयोजित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 17 सितंबर को शाम 7 बजे सभी जिला मुख्यालयों, नगरीय निकायों एवं पंचायतों में वृहद स्तर पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को प्रेरित कर उनके घरों में भी दीपक जलाने का कार्यक्रम आयोजित किया जाए। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, योजनाओं के लाभार्थियों और आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अभियान के तहत निर्धारित गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के साथ ही एक माह का कैलेंडर तैयार कर विभिन्न विभागों के माध्यम से गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान का शुभारंभ व्यापक जनभागीदारी के साथ उत्सव के रूप में किया जाए।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में भोपाल से प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश के मंत्रीगण, मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल सहित अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

आगर-मालवा के एनआईसी स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना,अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, एसडीएम मिलिंद ढोके सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live