धर्म से एआई तक का सफर, बच्चों ने फैंसी ड्रेस में दिखाया हुनर अग्रसेन जयंती महोत्सव के दूसरे दिन बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां


 

आगर-मालवा। महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव के तहत अग्रवाल महिला मंडल छावनी द्वारा छह दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में महोत्सव के दूसरे दिन शनिवार रात बच्चों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बच्चों ने फैंसी ड्रेस, नृत्य और विभिन्न रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

 

कार्यक्रम में धार्मिक और आधुनिक विषयों का अनूठा संगम देखने को मिला। बच्चों ने श्रीनाथजी, भगवान शिव, शिव तांडव और कृष्ण भजन पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। वहीं ‘आज की नारी’, अंतरिक्ष यात्री, सोलर सिस्टम और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) जैसे विषयों पर प्रस्तुतियां देकर बच्चों ने बदलते समय और तकनीक के दौर की झलक भी दिखाई।

 

बच्चों की प्रस्तुतियों को देखकर मौजूद समाजजनों और अभिभावकों ने उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में अग्रवाल महिला मंडल छावनी की अध्यक्ष नेहा मंगल, उपाध्यक्ष तृप्ति मित्तल, सचिव शिल्पा मंगल, कोषाध्यक्ष लता गर्ग, सहसचिव दीपिका जिंदल सहित बच्चों के माता-पिता और समाजजन मौजूद रहे। जानकारी मीडिया प्रभारी दीपिका गुप्ता ने दी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live