दंगल टीवी के ‘इश्क जुनूनी’ में आज से नजर आएंगी सुसनेर की बेटी स्नेहा भावसार

 

 

ब्यूरो – दारा सिंह आर्य

सुसनेर। सुसनेर की बेटी और टीवी अभिनेत्री स्नेहा भावसार अब दंगल टीवी के चर्चित सीरियल ‘इश्क जुनूनी’ में नजर आएंगी। सीरियल में वह एडवोकेट दिशा के नेगेटिव लीड किरदार में अभिनय करती दिखाई देंगी। सीरियल का प्रसारण सोमवार से शनिवार प्रतिदिन शाम 6:30 बजे से दंगल टीवी पर होगा। स्नेहा की इस नई भूमिका को लेकर उनके प्रशंसकों में उत्साह है।

 

सुसनेर के सामाजिक कार्यकर्ता विष्णु भावसार एवं नगर परिषद सुसनेर की पूर्व पार्षद आशा भावसार की बेटी स्नेहा भावसार ने इससे पहले भी टेलीविजन के कई चर्चित धारावाहिकों में अपनी अभिनय प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। स्टार प्लस के प्रसिद्ध सीरियल ‘गुम है किसी के प्यार में’ में उन्होंने करिश्मा का फनी किरदार निभाया था। अपने संवादों और अभिनय के जरिए उन्होंने दर्शकों का मनोरंजन किया और इस किरदार से उन्हें पहचान मिली।

 

इसके बाद स्नेहा भावसार दंगल टीवी के सीरियल ‘सासू मां ने मेरी कदर ना जानी’ में नेगेटिव लीड किरदार पवित्रा पाठक की भूमिका में नजर आई थीं। अब वह दंगल टीवी के ही नए सीरियल ‘इश्क जुनूनी’ में एडवोकेट दिशा के किरदार में दिखाई देंगी।

 

मुंबई में सीरियल की शूटिंग शुरू हो चुकी है और आज से इसका प्रसारण दंगल टीवी पर किया जाएगा। सुसनेर से मुंबई तक अभिनय के क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही स्नेहा की नई भूमिका को लेकर क्षेत्र के लोगों और उनके प्रशंसकों में खुशी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live