भाई दूज पर बहनों ने भाइयों के माथे पर लगाया तिलक, मांगी लंबी उम्र की कामना

 

 

उपहार देकर भाइयों ने निभाया स्नेह का रिश्ता, मिठाई और कपड़ों की दुकानों पर रही रौनक

 

आगर-मालवा। भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह का प्रतीक भाई दूज का पर्व बुधवार को जिलेभर में पारंपरिक उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। दीपावली के बाद आने वाले इस पर्व पर बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी सुख-समृद्धि, खुशहाली और दीर्घायु की कामना की। वहीं भाइयों ने भी बहनों को उपहार भेंट कर जीवनभर उनके साथ खड़े रहने और उनकी रक्षा करने का संकल्प दोहराया।

 

पर्व को लेकर सुबह से ही घरों में उत्सवी माहौल नजर आया। बहनों ने स्नान के बाद पूजा की थाली सजाई और परंपरानुसार शुभ मुहूर्त में भाइयों का तिलक कर आरती उतारी। इसके बाद मिठाई खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया। भाइयों ने भी बहनों को उपहार और शगुन भेंट किए। कई परिवारों में भाई अपनी बहनों के घर पहुंचे और उनके साथ पर्व की खुशियां साझा कीं। वहीं दूसरे शहरों में रहने वाले भाई-बहनों ने फोन और वीडियो कॉल के माध्यम से एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं।

 

बाजारों में भी रही चहल-पहल

 

भाई दूज के अवसर पर शहर के बाजारों में भी रौनक देखने को मिली। मिठाई और कपड़ों की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। त्योहार के चलते लोगों ने मिठाइयों और उपहारों की खरीदारी की। घरों में पकवान और मिठाइयां भी बनाई गईं।

 

भाई दूज का पर्व केवल तिलक और उपहार देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भाई-बहन के बीच जीवनभर बने रहने वाले प्रेम, विश्वास और पारिवारिक अपनत्व का प्रतीक है। पर्व ने एक बार फिर रिश्तों की मिठास और परिवार के साथ मिलकर खुशियां बांटने की परंपरा को जीवंत किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live