सैफ़लेट माल्ट लगाएगी जौ से माल्ट बनाने की आधुनिक इकाई, 50 हजार किसानों को जोड़ने की तैयारी; 1000 लोगों को मिलेगा रोजगार
औद्योगिक पार्क फेज-3 के लिए 107.50 हेक्टेयर जमीन उपलब्ध, कंपनी ने मांगी 20 हेक्टेयर भूमि
ब्यूरो – दारा सिंह आर्य
आगर-मालवा। जिले में औद्योगिक निवेश की संभावनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कनाडा की कंपनी के बाद अब फ्रांस की बहुराष्ट्रीय कंपनी सैफ़लेट माल्ट ने आगर-मालवा में करीब 1200 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया है। कंपनी जिले में जौ से माल्ट तैयार करने वाली आधुनिक औद्योगिक इकाई स्थापित करना चाहती है। इसके लिए औद्योगिक पार्क में 20 हेक्टेयर जमीन की मांग की गई है। प्रस्तावित परियोजना के माध्यम से आगर-मालवा सहित उज्जैन, शाजापुर, देवास और मंदसौर जिले के 50 हजार से अधिक किसानों को जोड़ने की योजना है। कंपनी प्रतिवर्ष करीब 2.50 लाख टन जौ की खरीदी करेगी। परियोजना स्थापित होने पर लगभग 500 लोगों को प्रत्यक्ष और 500 लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने की संभावना है।
इस निवेश की खास बात यह है कि इसका सीधा संबंध कृषि और किसानों से रहेगा। कंपनी की योजना किसानों को उन्नत किस्म के जौ के बीज उपलब्ध कराने, कृषि विशेषज्ञों के माध्यम से मार्गदर्शन देने और आधुनिक खेती की तकनीक से जोड़ने की है। इससे किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए एक बड़ा औद्योगिक खरीदार मिल सकेगा। साथ ही जौ की खेती और गुणवत्ता आधारित उत्पादन को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
जौ से तैयार होगा माल्ट, खाद्य उद्योग में रहती है मांग
माल्ट मुख्य रूप से जौ से तैयार किया जाने वाला प्रसंस्कृत उत्पाद है। इसे तैयार करने के लिए जौ को नियंत्रित परिस्थितियों में पानी में भिगोकर अंकुरित किया जाता है। इसके बाद निर्धारित तापमान पर सुखाने की प्रक्रिया से माल्ट तैयार होता है। खाद्य प्रसंस्करण और पेय पदार्थ उद्योग में इसकी काफी मांग रहती है। इसका उपयोग विभिन्न पेय पदार्थों के अलावा बिस्किट, ब्रेड, बेकरी उत्पाद, चॉकलेट सहित अन्य खाद्य सामग्री बनाने में किया जाता है।
आगर-मालवा में इस तरह की इकाई स्थापित होने से जिले में कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। अभी तक बड़ी मात्रा में कृषि उपज का विपणन कच्चे माल के रूप में होता है, लेकिन औद्योगिक इकाई स्थापित होने से स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण और इससे जुड़ी गतिविधियों का विस्तार हो सकेगा।
पांच जिलों के 50 हजार किसानों से होगी जौ की खरीदी
कंपनी की योजना प्रतिवर्ष करीब 2.50 लाख टन जौ खरीदने की है। इसके लिए 50 हजार से अधिक किसानों को अपनी आपूर्ति श्रृंखला से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। आगर-मालवा के अलावा उज्जैन, शाजापुर, देवास और मंदसौर जिले के किसानों को भी इससे जोड़ने की योजना है।
कंपनी किसानों को उन्नत किस्म के बीज उपलब्ध कराने के साथ कृषि विशेषज्ञों से सलाह और प्रशिक्षण भी दिलाएगी। किसानों को माल्ट निर्माण के लिए निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप जौ उत्पादन करने के तरीके बताए जाएंगे। इससे किसानों को उपज के लिए औद्योगिक बाजार उपलब्ध होने के साथ जौ की खेती को बढ़ावा मिल सकता है।
परिवहन, भंडारण और कृषि सेवाओं में भी बढ़ेंगे अवसर
प्रस्तावित इकाई से करीब 500 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है। वहीं जौ की खरीदी, परिवहन, भंडारण, कृषि सेवाओं और अन्य सहायक गतिविधियों के माध्यम से लगभग 500 लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिल सकता है। उत्पादन, तकनीकी संचालन, गुणवत्ता परीक्षण, प्रशासन और प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में भी कर्मचारियों की आवश्यकता होगी।
जौ की नियमित खरीदी शुरू होने से गोदाम संचालकों, परिवहन कारोबारियों और कृषि सेवाओं से जुड़े लोगों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है। इस तरह परियोजना का प्रभाव केवल औद्योगिक पार्क तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी आर्थिक गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
भारत में 2014 से मौजूद है कंपनी, अलवर में भी संचालित है इकाई
फ्रांस की बहुराष्ट्रीय कंपनी सैफ़लेट माल्ट की भारत में व्यावसायिक मौजूदगी वर्ष 2014 से है। राजस्थान के अलवर में कंपनी की माल्ट निर्माण इकाई पहले से संचालित है, जिसकी वार्षिक उत्पादन क्षमता करीब 18 हजार टन बताई गई है। कंपनी का कारोबार दुनिया के करीब 20 देशों में फैला हुआ है। आगर-मालवा में प्रस्तावित इकाई स्थापित होने पर कंपनी अपने भारतीय कारोबार का विस्तार कर सकेगी। साथ ही जिले को अंतरराष्ट्रीय स्तर की कृषि आधारित प्रसंस्करण गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
औद्योगिक पार्क फेज-3 के लिए 107.50 हेक्टेयर जमीन उपलब्ध
जिले में नए उद्योगों की स्थापना के लिए औद्योगिक पार्क के विस्तार की तैयारी भी की गई है। कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीणा ने औद्योगिक पार्क के फेज-3 के विकास के लिए 107.50 हेक्टेयर जमीन उपलब्ध कराई है। इससे निवेशकों को उद्योग स्थापना के लिए अतिरिक्त भूमि मिल सकेगी।
इसी औद्योगिक क्षेत्र में सैफ़लेट माल्ट को प्रस्तावित इकाई के लिए 20 हेक्टेयर जमीन दिखाई गई है। फिलहाल कंपनी की ओर से निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुआ है। भूमि आवंटन सहित अन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू होगी। फेज-3 विकसित होने से भविष्य में अन्य औद्योगिक इकाइयों की स्थापना का रास्ता भी खुलेगा।
निवेश प्रस्ताव मिला, भूमि आवंटन की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी
एमपीआईडीसी के कार्यकारी संचालक राजेश राठौड़ ने बताया कि सैफ़लेट माल्ट कंपनी की ओर से निवेश का प्रस्ताव प्राप्त हुआ है। कंपनी को उद्योग स्थापना के लिए जमीन दिखाई गई है और आगे की प्रक्रिया जारी है। इस तरह के उद्योग स्थापित होने से युवाओं को रोजगार मिलने के साथ किसानों को भी अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिलने की संभावनाएं बढ़ेंगी। कलेक्टर की ओर से औद्योगिक क्षेत्र के विस्तार के लिए जमीन उपलब्ध कराई गई है। इससे औद्योगिक पार्क का विस्तार किया जा सकेगा और जल्द ही भूमि आवंटन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
यदि 1200 करोड़ रुपये का यह निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतरता है तो आगर-मालवा को कृषि आधारित उद्योगों के क्षेत्र में नई पहचान मिल सकती है। इससे पांच जिलों के किसानों को बड़ा बाजार मिलने के साथ मालवा अंचल में रोजगार और औद्योगिक गतिविधियों के नए अवसर विकसित होंगे।
