किसानों का कलेक्टर कार्यालय पर घेरा डालो-डेरा डालो आंदोलन

 

आगर मालवा। किसानों की विभिन्न समस्याओं और जिला प्रशासन के रवैये को लेकर भारतीय किसान संघ जिला इकाई द्वारा बुधवार 23 सितंबर को कलेक्टर कार्यालय पर घेरा डालो-डेरा डालो आंदोलन किया जाएगा। आंदोलन दोपहर 12 बजे से शुरू होगा। भारतीय किसान संघ ने आंदोलन में जिले के विभिन्न ग्रामों से बड़ी संख्या में किसानों एवं नारी शक्ति के शामिल होने का दावा किया है।

 

भारतीय किसान संघ के जिला प्रवक्ता प्रमोद जोशी ने बताया कि किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर संगठन द्वारा लगातार प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया जा रहा है। संगठन का आरोप है कि किसानों की समस्याओं के निराकरण को लेकर जिला कलेक्टर का रवैया नकारात्मक एवं उपेक्षापूर्ण रहा है। इसी के विरोध में किसानों द्वारा कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर धरना दिया जाएगा।

 

संगठन के अनुसार आंदोलन के दौरान किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा तथा उनके निराकरण की मांग की जाएगी। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से किसान बुधवार सुबह से ही आंदोलन में शामिल होने के लिए पहुंचेंगे। भारतीय किसान संघ ने किसानों और नारी शक्ति से अधिक से अधिक संख्या में आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया है।

 

किसान संघ पदाधिकारियों के अनुसार आंदोलन के दौरान प्रशासन के समक्ष किसानों की मांगों को रखा जाएगा। मांगों के निराकरण के लिए अधिकारियों से चर्चा भी की जाएगी। आंदोलन को लेकर संगठन द्वारा ग्राम स्तर पर किसानों से संपर्क कर उन्हें शामिल होने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live