भाजपा प्रत्याशी को 5663 वोट, कांग्रेस प्रत्याशी को मिले 4703 मत; नोटा में 149 वोट
आगर मालवा। जिले की सुसनेर नगर परिषद अध्यक्ष पद के उपचुनाव में शनिवार को मतगणना के बाद परिणाम घोषित हुए। जिसमें भाजपा के प्रदीप सोनी ने कांग्रेस के विष्णु पाटीदार को सीधे मुकाबले में 960 मतों से पराजित कर अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। परिणाम सामने आते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल बन गया और जीत का जश्न मनाया गया।
मतगणना में भाजपा प्रत्याशी प्रदीप सोनी को 5663 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी विष्णु पाटीदार को 4703 मत प्राप्त हुए। वहीं 149 मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना। इस तरह प्रदीप सोनी ने कांग्रेस प्रत्याशी को 960 मतों के अंतर से शिकस्त दी।
नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए कुल 13,843 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 10,515 मतदाताओं ने मतदान किया था। मतदान के बाद मतों की गणना शनिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच की गई। मतगणना स्थल और आसपास पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
जीत के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह
परिणाम घोषित होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और बधाई देकर जीत का जश्न मनाया। भाजपा नेताओं और समर्थकों ने प्रदीप सोनी को अध्यक्ष पद पर जीत के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी प्रदीप सोनी की जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को बधाई दी। साथ ही जिले के प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान ने भी सोशल मीडिया पर सुसनेर जीत की बधाई दी।
