पत्रकारों की 7 सूत्रीय मांगों पर कलेक्टर का सकारात्मक आश्वासन
कलेक्टर-एसपी की मौजूदगी में हुई बैठक, सम्मानजनक व्यवहार से लेकर पत्रकार भवन और नियमित संवाद तक उठे मुद्दे
आगर-मालवा। प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय, पत्रकारों की समस्याओं के निराकरण तथा जनहित के मुद्दों पर प्रभावी संवाद को लेकर बुधवार शाम कलेक्टोरेट में पत्रकारों की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना एवं पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी की मौजूदगी में हुई बैठक में पत्रकारों ने विभिन्न विषयों को लेकर चर्चा की और प्रशासन के समक्ष 7 सूत्रीय मांग पत्र प्रस्तुत किया।
पत्रकारों ने कहा कि शासन-प्रशासन की योजनाओं, आमजन की समस्याओं और जनहित के मुद्दों को जनता तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में पत्रकारों को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष कार्य के लिए सकारात्मक और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है।
जनसुनवाई की कवरेज में स्वतंत्रता की मांग
बैठक में पत्रकारों ने शासकीय जनसुनवाई की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष कवरेज की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग रखी। पत्रकारों का कहना था कि जनसुनवाई में आम नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं, ऐसे में वहां की कार्यवाही और समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया की जानकारी जनता तक पहुंचना आवश्यक है।
शासकीय कार्यक्रमों में मीडिया की सम्मानजनक सहभागिता
जिला एवं तहसील स्तर पर आयोजित होने वाले शासकीय कार्यक्रमों, बैठकों और महत्वपूर्ण आयोजनों में स्थानीय पत्रकारों को समय पर आमंत्रित करने तथा आवश्यक मीडिया व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई। साथ ही प्रशासन और पत्रकारों के बीच नियमित एवं सहज संवाद बनाए रखने पर जोर दिया गया।
प्रत्येक तीन माह में संवाद बैठक की मांग
पत्रकारों ने जिला एवं तहसील स्तर पर हर तीन माह में पत्रकार-प्रशासन संवाद बैठक आयोजित करने का सुझाव दिया। इसमें स्थानीय समस्याओं, जनहित के मुद्दों और पत्रकारों से जुड़े विषयों पर अधिकारियों के साथ सीधे संवाद की व्यवस्था किए जाने की बात कही गई।
जनहित की खबरों पर हो त्वरित कार्रवाई
बैठक में जनहित से जुड़े समाचारों को लेकर भी चर्चा हुई। पत्रकारों ने मांग रखी कि समाचार पत्र, न्यूज चैनल और डिजिटल मीडिया में प्रकाशित जनसमस्याओं से संबंधित खबरों पर संबंधित विभाग प्राथमिकता से संज्ञान लें तथा की गई कार्रवाई की जानकारी संबंधित पत्रकार को उपलब्ध कराएं, जिससे खबर के फॉलोअप के माध्यम से जनता को भी वस्तुस्थिति की जानकारी मिल सके।
समय पर उपलब्ध हो फोटो, वीडियो और प्रेस सामग्री
शासकीय कार्यक्रमों से संबंधित आधिकारिक फोटो, वीडियो एवं आवश्यक प्रेस सामग्री पत्रकारों को समय पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था किए जाने की मांग भी सामने रखी गई। पत्रकारों ने कहा कि इससे समाचारों में तथ्यात्मकता और विश्वसनीयता बनाए रखने में मदद मिलेगी।
पत्रकार भवन और भूमि आवंटन का मुद्दा
बैठक में पत्रकारों के लिए जिला स्तरीय पत्रकार भवन की स्थापना का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। इसके लिए उपयुक्त भूमि आवंटित करने तथा पत्रकारों के आवासीय एवं कल्याणकारी प्रयोजनों के लिए नियमानुसार भूमि आवंटन की प्रक्रिया शुरू करने की मांग रखी गई।
कलेक्टर ने दिया नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा
पत्रकारों द्वारा रखे गए सभी बिंदुओं को कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने गंभीरता से सुना। उन्होंने मांगों पर सकारात्मक दृष्टिकोण रखते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया। पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी की मौजूदगी में हुई बैठक में प्रशासन एवं मीडिया के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने और जनहित से जुड़े विषयों पर निरंतर संवाद की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई।
बैठक में बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
