नवरात्रि तैयारियों का किया अवलोकन, दिये आवश्यक निर्देश
आगर-मालवा। कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने गुरूवार को दोपहर बाद नलखेड़ा पहुंचकर नलखेड़ा बगलामुखी माता मंदिर दर्शन के लिये बड़ी संख्या में आने वाले श्रृद्धालुओं के लिये प्रबंध समिति द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने श्रृद्धालुओं के सुगम देवी दर्शन, एवं दर्शन पश्चात् निकासी की व्यवस्था, बेरीकेडिंग्स, पार्किंग व्यवस्था, पेयजल एवं छाया की व्यवस्था का जायजा लिया और समिति प्रबंधक को निर्देश दिए कि नलखेड़ा आने वाले श्रृद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिये पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने मंदिर परिसर में स्थापित की जा रही नवीन पुलिस चौकी के कार्य का भी निरीक्षण किया । उन्होंने श्रृद्धालुओं के वाहनों की सुव्यवस्थित पार्किंग के लिये पार्किंग एरिया का भी निरीक्षण किया। कलेक्टर ने नवनिर्मित भक्त निवास एवं भक्त विश्राम गृह के समीप खुली जमीन को सुव्यवस्थित कर वहां अतिरिकत वाहन पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने नलखेड़ा देवी मंदिर आने वाले श्रृद्धालुओं की संख्या में ध्यान में रखते हुए यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर तहसीलदार प्रियांक श्रीवास्तव, एवं मंदिर प्रबंधन स्टॉफ व अन्य अधिकारी तथा श्रृद्धालु भी उपस्थित थे।
