कानड़ में हर्षोल्लास से मनाया स्वतंत्रता दिवस, जगह-जगह हुआ ध्वजारोह
स्कूली विद्यार्थियों ने निकाली प्रभात फेरी, मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री के संदेश का हुआ लाइव प्रसारण
कानड़। नगर में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। नगर के विभिन्न स्थानों पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य समारोह नवीन बस स्टैंड परिसर में आयोजित हुआ, जहां नगर परिषद अध्यक्ष शिप्रा बाई बीजापारी ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान पुलिस जवानों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत से हुई। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ। समारोह में नगर के शासकीय एवं अर्धशासकीय विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं नागरिक उपस्थित रहे। भोपाल से प्रसारित मुख्यमंत्री के संदेश का लाइव प्रसारण भी उपस्थित लोगों ने देखा और सुना।
तिरंगा हाथों में लेकर निकली प्रभात फेरी
मुख्य समारोह से पूर्व स्कूली विद्यार्थियों ने नगर में प्रभात फेरी निकाली। हाथों में तिरंगा लेकर निकले विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारों से पूरे नगर को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने प्रभात फेरी का स्वागत किया। स्वतंत्रता दिवस को लेकर नगरवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
परिषद गार्डन में भी हुआ ध्वजारोहण
परिषद गार्डन में नगर परिषद उपाध्यक्ष राजेश डीलर ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान जनप्रतिनिधि, नागरिक एवं नगर परिषद से जुड़े लोग मौजूद रहे।
विभिन्न संस्थानों में भी फहराया तिरंगा
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सारंगपुर रोड पर पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष मोहनलाल आर्य ने ध्वजारोहण किया। जिला सहकारी बैंक में शाखा प्रबंधक दीपक भटनागर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, जबकि प्राथमिक साख सहकारी संस्था में नंदकिशोर वर्मा ने ध्वजारोहण किया। ग्राम पंचायत शिवगढ़ एवं ग्राम पंचायत पचलाना में स्थानीय सरपंचों द्वारा ध्वजारोहण किया गया। उपस्थित ग्रामीणों एवं नागरिकों ने राष्ट्रध्वज को सलामी देकर एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
ये रहे मौजूद
मुख्य समारोह में सांसद प्रतिनिधि बाबूलाल बीजापारी, नगर परिषद उपाध्यक्ष राजेश डीलर, भाजपा की वरिष्ठ पार्षद मांगू बाई आर्य, विजयलक्ष्मी माली, रचना शर्मा, दरबार सिंह आर्य, कालू सिंह बीजापारी, ओमप्रकाश पालीवाल, बने सिंह चौहान, देवकरण बीजापारी, नासिर हुसैन, कैलाश नारायण परिहार, कन्या शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य वीरेंद्र सिंह ठाकुर, थाना प्रभारी आरके दांगी, रमेश सूर्यवंशी, गोकुल सूर्यवंशी, दिनेश अंकल एवं मंडल अध्यक्ष अंतर सिंह दौलतपुर सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षक, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
