स्वतंत्रता दिवस समारोह में सरपंच से मारपीट, तिरंगा फेंकने का आरोप

 

उमरपुर में झंडावंदन कार्यक्रम के दौरान पुराने विवाद को लेकर हुआ विवाद, घायल सरपंच जिला अस्पताल में भर्ती

बड़ौद। ग्राम पंचायत उमरपुर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित झंडावंदन कार्यक्रम के दौरान पुराने विवाद को लेकर विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। कार्यक्रम के दौरान सरपंच ईश्वर प्रजापति और राधेश्याम यादव व उसके बेटे विशाल यादव के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। घटना में सरपंच घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल आगर में भर्ती कराया गया है। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, ग्राम पंचायत उमरपुर में सुबह करीब 8.45 बजे स्वतंत्रता दिवस का झंडावंदन कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान पुराने विवाद को लेकर राधेश्याम यादव और उसके बेटे विशाल यादव ने सरपंच के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की। विरोध करने पर विशाल यादव द्वारा लकड़ी से सरपंच के सिर पर वार करने का आरोप है। वहीं राधेश्याम यादव पर भी लकड़ी से हमला करने का आरोप लगाया गया है।

मारपीट में सरपंच के हाथ, कोहनी, कंधे और पैर में चोट आने की बात शिकायत में दर्ज की गई है। फरियादी ने यह भी आरोप लगाया कि दोनों आरोपी पंचायत भवन के अंदर पहुंचे और वहां रखा तिरंगा फेंक दिया। इसके अलावा भविष्य में जान से खत्म करने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।

घटना के बाद घायल सरपंच को जिला अस्पताल आगर ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने फरियादी की शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपों की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live