आगर-मालवा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना शनिवार दोपहर पीएम श्री नवोदय विद्यालय, सुसनेर पहुंचे। विद्यालय पहुंचने पर प्राचार्य एवं स्टाफ सदस्यों ने कलेक्टर का स्वागत किया।
कलेक्टर डॉ. मीना ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं से संवाद कर अध्यापन कार्य, उपलब्ध सुविधाओं तथा विद्यालय में संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ भोजन भी ग्रहण किया और भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया।
विद्यालय के प्राचार्य ने कलेक्टर को विद्यालय के स्टाफ, शैक्षणिक गतिविधियों, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों तथा प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही विद्यालय का प्रगति प्रतिवेदन भी प्रस्तुत किया।
इस दौरान कलेक्टर ने विद्यालय परिसर स्थित कन्या छात्रावास का निरीक्षण कर छात्राओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय की रसोई एवं डाइनिंग कक्ष का भी निरीक्षण किया तथा स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया।
कलेक्टर डॉ. मीना ने छात्र-छात्राओं से संवाद के दौरान उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने तथा देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि किसी भी विद्यार्थी को किसी प्रकार की समस्या हो तो वे उन्हें अवश्य अवगत कराएं।
कलेक्टर ने पीएम श्री नवोदय विद्यालय सुसनेर में सिक्किम सहित अन्य राज्यों से अध्यापन के लिए आए विद्यार्थियों से भी चर्चा की और उनसे अध्यापन सुविधाओं एवं विद्यालय के अनुभवों के बारे में जानकारी ली।
इस अवसर पर प्राचार्य, उपप्राचार्य, विभिन्न विषयों के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे
