रक्षाबंधन पर बहनों ने बांधी जनकल्याणकारी योजनाओं वाली राखी

 

भाजपा जिलाध्यक्ष ओम मालवीय बोले- बहनों का सम्मान, सुरक्षा और सशक्तीकरण ही रक्षाबंधन का संकल्प

 

ब्यूरो दारा सिंह आर्य

आगर-मालवा। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर सोमवार को कमल कुड़ी मंदिर परिसर में भाजपा महिला मोर्चा के नेतृत्व में रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों बहनों ने भाजपा जिलाध्यक्ष ओम मालवीय, नगर पालिका अध्यक्ष निलेश पटेल सहित पार्टी पदाधिकारियों को राखी बांधकर तिलक किया और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। बहनों ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का संदेश देने वाली विशेष राखियां भी बांधीं।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष ओम मालवीय ने कहा, मेरी सभी बहनें केवल राखी ही नहीं, बल्कि विश्वास और स्नेह का अटूट बंधन बांधती हैं। उनका सम्मान, सुरक्षा, स्वाभिमान और सशक्तीकरण ही मेरा सबसे बड़ा रक्षाबंधन का संकल्प है। उन्होंने बहनों का आत्मीय स्वागत करते हुए पुष्पवर्षा की और रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में उपहार भेंट किए।

कार्यक्रम के दौरान बहनों की टिफिन बैठक भी आयोजित की गई। जिसमें विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए। विधायक मधु गेहलोत ने बहनों से संवाद करते हुए प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना, निःशुल्क राशन योजना, लाड़ली बहना योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिलने की स्थिति जानी और बहनों की समस्याएं व सुझाव भी सुने।

इस दौरान जिला महामंत्री रामेश्वर तेजरा, जगदीश गवली, अशोक प्रजापत, मंडल अध्यक्ष प्रहलाद सिंह चौहान, राजेश आर्य, दरबार सिंह चौहान सुरजनी,गौरव जैन सहित भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे। जिला पंचायत अध्यक्ष मुन्नाबाई चौहान सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

जानकारी जिला मीडिया प्रभारी महेश शर्मा तनोडिया ने दी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live